इंग्लैंड के घरेलू लिस्ट ए टूर्नामेंट वनडे कप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव और युवा तेज गेंदबाज आशुतोष शर्मा ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है. दोनों खिलाड़ियों ने अलग-अलग मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए यह दिखा दिया कि विदेशी परिस्थितियों में भी वे मैच का रुख बदलने का दम रखते हैं. 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के बीच उनका यह प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए भी राहत भरी खबर मानी जा रही है.
कुलदीप का कमाल
यॉर्कशायर की ओर से खेल रहे कुलदीप यादव ने डर्हम के खिलाफ मुकाबले में अपनी फिरकी का जादू बिखेरा. पहले बल्लेबाजी करने उतरी डर्हम की टीम 165 रन पर सिमट गई. कुलदीप ने अपने 10 ओवर के स्पेल में एक मेडन ओवर डालते हुए सिर्फ 23 रन दिए और दो महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए. उन्होंने इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और अनुभवी बल्लेबाज कोलिन एकरमैन को पवेलियन भेजकर टीम की जीत की नींव रखी. उनकी सटीक लाइन और लेंथ के सामने विपक्षी बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके.
कुलदीप यादव का यह प्रदर्शन कोई इत्तेफाक नहीं है. वह पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं. अब तक खेले चार मुकाबलों में वह आठ विकेट हासिल कर चुके हैं. उनकी किफायती गेंदबाजी और अहम मौकों पर विकेट निकालने की क्षमता यॉर्कशायर के लिए लगातार फायदेमंद साबित हो रही है. विदेशी परिस्थितियों में उनका यह प्रदर्शन भारतीय टीम प्रबंधन के लिए भी सकारात्मक संकेत है.
आशुतोष का पंच
दूसरी ओर हैम्पशायर की तरफ से खेल रहे आशुतोष शर्मा ने भी अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया. एसेक्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 10 ओवर में 51 रन देकर पांच विकेट झटके. यह उनके लिस्ट ए करियर का पहला पांच विकेट हॉल रहा. उन्होंने शुरुआत से लेकर आखिरी ओवर तक शानदार नियंत्रण बनाए रखा और मजबूत बल्लेबाजी क्रम को लगातार झटके दिए. हालांकि उनकी शानदार गेंदबाजी के बावजूद एसेक्स 317 रन का बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा.
यह भी पढ़ें- वेस्टइंडीज टीम में आपसी कलह, खिलाड़ी नए हेड कोच को सुना दी खरी-खोटी
2027 वनडे वर्ल्ड कप
भारत की नजर अब 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों पर है. ऐसे में इंग्लैंड जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कुलदीप यादव और आशुतोष शर्मा का शानदार प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर है. कुलदीप अपने अनुभव से लगातार प्रभाव छोड़ रहे हैं, जबकि आशुतोष ने साबित किया है कि वह भविष्य में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा बन सकते हैं. यदि दोनों खिलाड़ी इसी तरह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे तो चयनकर्ताओं और मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए टीम चुनना और भी रोचक हो सकता है. विदेशी धरती पर मिली यह सफलता दोनों खिलाड़ियों के आत्मविश्वास के साथ भारतीय टीम की तैयारियों को भी मजबूती देने वाली साबित हो सकती है.
यह भी पढ़ें- भारत के लिए सबसे ज्यादा ODI वर्ल्ड कप खेलने वाले टॉप-7 खिलाड़ी, देखें लिस्ट
Leave a Reply