यूपी का एक स्कूल ऐसा भी, 12 छात्रों को पढ़ा रहे हैं 11 शिक्षक


उत्तर प्रदेश में आगरा के राजा मंडी जाट हाउस स्थित महाराजा सूरजमल इंटर कॉलेज आज भी मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है. यह अर्धसरकारी विद्यालय है, जहां शिक्षकों का वेतन सरकार देती है, जबकि भवन के रखरखाव की जिम्मेदारी समिति की होती है. 

बताया गया कि कभी इस विद्यालय में करीब 800 छात्र-छात्राएं पढ़ते थे, लेकिन समय के साथ सुविधाओं की कमी और भवन की बदहाल स्थिति के कारण यहां प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगातार घटती गई. वर्तमान में विद्यालय में लगभग 11 शिक्षक कार्यरत हैं और पढ़ने आने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या भी लगभग इतनी ही रह गई है.

यह भी पढ़ें: जंतर मंतर के जुनैद से लेकर हिरासत वाली बस के ड्राइवर तक, अखिलेश ने की मुलाकात

बिजली-पानी की व्यवस्था नहीं 

कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका सीमा सिंह ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से बिजली और पानी की सुविधा नहीं है. उन्होंने कहा कि जब बोर्ड परीक्षाओं का केंद्र बनता है, तभी कुछ समय के लिए बिजली और पानी की व्यवस्था की जाती है, लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद यह सुविधा फिर हटा दी जाती है. उनके अनुसार पुराने बिजली बिल के भुगतान को लेकर विवाद होने के कारण विद्यालय में स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं है.

उन्होंने बताया कि कक्षा 1 से 5 तक एक भी छात्र नहीं है, कक्षा 6 में एक, कक्षा 8 में कोई नहीं, कक्षा 9 में तीन और कक्षा 10 में आठ छात्र-छात्राएं हैं, जबकि कक्षा 11 और 12 में कोई प्रवेश नहीं है.

विज्ञान संकाय की मान्यता न होने से छात्रों का संकट 

प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय में विज्ञान संकाय की मान्यता नहीं होने के कारण कक्षा 11 और 12 में दाखिले नहीं हो पाते. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं की जानकारी कई बार अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ. माध्यमिक स्तर पर कुल सात शिक्षक अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं और जितने भी विद्यार्थी आते हैं, उन्हें नियमित रूप से पढ़ाया जाता है.

विद्यालय की स्थिति को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक से बातचीत करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने के बाद ही कुछ कहने की बात कही. विद्यालय में लंबे समय से बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है. अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन इस विद्यालय की समस्याओं के समाधान और यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं.

यह भी पढ़ें: यूपी में Gen Z पर बीजेपी का फोकस, BJYM ने बना लिया खास प्लान



Source link

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*