बांकीपुर: 34.30% वोटिंग, प्रशांत किशोर, BJP या RJD किसे बड़ा झटका?


बांकीपुर विधानसभा सीट (Bankipur Vidhan Sabha Seat) पर गुरुवार (30 जुलाई, 2026) को काफी कम मतदान हुआ. चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़े को देखें तो शाम छह बजे तक बांकीपुर में 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ. देश में अन्य भी कई सीटों पर उपचुनाव हुआ, लेकिन सबसे कम वोटिंग परसेंट बांकीपुर का रहा. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि इससे खतरा किसके लिए है प्रशांत किशोर, बीजेपी और आरजेडी?

पहले पुराने आंकड़ों को समझें

बांकीपुर विधानसभा सीट पर पिछले साल यानी 2025 में कुल 1,56,885 वोट पड़े थे. यानी 41.35 फीसद वोटिंग हुई थी. बीजेपी से नितिन नवीन मैदान में थे. उन्हें 98,299 वोट मिले थे. आरजेडी की रेखा गुप्ता को 46,363 वोट मिले थे. नितिन नवीन कुल 51,936 वोट से चुनाव जीते थे. 2025 में यह माना गया था कि पहले के चुनाव की तुलना में अच्छे वोट पड़े थे. 

2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर में 35.91 प्रतिशत वोटिंग हुई थी. कुल 1,40,683 वोट पड़े थे. 2015 की बात करें तो बांकीपुर में 40.24% मतदान हुआ था. उस वक्त 1,44,152 वोट पड़ा था. 39,767 वोटों से नितिन नवीन चुनाव जीते थे. इन सबके आधार पर देखें तो 2026 के उपचुनाव में आंकड़ा गिरा है. महज 34.30 फीसद ही वोटिंग हुई है. 

कम वोटिंग के क्या हैं मायने?

बिहार के राजनीतिक जानकार और वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र कुमार ने इस पर अपनी राय रखी. उन्होंने बताया कि बांकीपुर में मतदान कम होना नई बात नहीं है. अगर 2025 को छोड़ दें तो यहां हर बार लगभग 35 से 40 प्रतिशत के बीच में ही मतदान हुए हैं. 40% से करीब डेढ़ प्रतिशत अधिक मतदान सिर्फ 2025 में हुए थे.

उन्होंने कहा कि ऐसा देखा जाता है कि जो उपचुनाव होते हैं उसमें वोटिंग प्रतिशत में कमी आती है. उप चुनाव में मतदाताओं का उत्साह कम होता है. रही बात चुनाव के रिजल्ट की तो यह बात सही है कि बीजेपी, प्रशांत किशोर और आरजेडी तीनों लड़ाई में मजबूती के साथ है. 

यह भी पढ़ें- बांकीपुर में मतदान की रफ्तार तेज, 1 बजे तक का वोटिंग परसेंट जारी

धीरेंद्र कुमार कहते हैं, “जातीय कमीकरण के हिसाब से मुस्लिम वर्ग का ज्यादातर वोट प्रशांत किशोर के पक्ष में जाने की चर्चा हो रही है. ब्राह्मण वोट जो करीब सात प्रतिशत है इसमें भी कुछ वोट प्रशांत किशोर को गया है. कहा जा रहा है कि भूमिहार का 30 से 40% वोट पीके को मिला है. हालांकि प्रशांत किशोर को बहुत फायदा नहीं होगा.”

उन्होंने आगे कहा, “मेरा मानना है कि बीजेपी के जीतने की संभावना अधिक है… जीत का अंतर कम होगा. सेकंड और थर्ड कौन होगा यह कहना मुश्किल है. क्योंकि आरजेडी से तेजस्वी यादव ने भी अंतिम समय में दम लगाया. अगर आरजेडी के कुछ वोट को 10 या 20% काट भी देते हैं तो भी प्रशांत किशोर को बहुत बड़ा फायदा नहीं मिलने वाला है.”

क्या कहते हैं अन्य जानकार?

वरिष्ठ पत्रकार इंदु भूषण ने कहा कि आज जो मतदान हुआ है इसमें प्रशांत किशोर एक बड़ी ताकत के साथ उभरे हैं. हालांकि बीजेपी चुनाव जीत सकती है, लेकिन जीत का मार्जिन कम होगा. प्रशांत किशोर 40 हजार से अधिक वोट ला सकते हैं. वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक कन्हैया भेलारी ने दावा किया कि प्रशांत किशोर की जीत सुनिश्चित है. 

यह भी पढ़ें- बांकीपुर में BJP और जन सुराज मिलकर लड़ रही? दावा- ‘दोनों अंदरखाने…’



Source link

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*